ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम बिल्ला में हिंसा और अराजकता फैलाने वाला 15 हजार का इनामी मुख्य आरोपी प्रधान पद के प्रत्याशी को एसओजी टीम ने मंगलवार को ग्राम छिल्ला से गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ फर्जी मतदान का आरोप लगाकर जमकर बवाल काटा था । इन लोगों ने पुलिस पर पथराव कर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मतदान कर्मियों को बंधक बनाकर मतपेटियां लूटने के प्रयास का आरोप है।
एसओजी टीम द्वारा थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम बिल्ला में पंचायत चुनाव के दौरान बीते माह 19 अप्रैल को हुई हिंसा के मामले में आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। मंगलवार को एसओजी टीम ने मुखबिर की सुचना पर हिंसा के मुख्य आरोपी एवं प्रधान पद के प्रत्याशी महेंद्र सिंह उर्फ बब्लू राजपूत पुत्र रामदास को प्राइमरी विद्यालय ग्राम छिल्ला के पास से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में ग्राम बिल्ला में बीते 19 अप्रैल को आरोपी समेत 28 नामजद एवं 300 अज्ञात के खिलाफ हिंसा और अराजकता के आरोप हैं। जिसमें वाहनों के साथ तोड़फोड़ और पुलिस पर पत्थरबाजी की गई थी। इसमें कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए थे और इनके द्वारा चुनाव प्रक्रिया को बाधित किया गया था। इस संबंध मे थाना बानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के दिन से ही आरोपी महेंद्र लगातार फरार चल रहा था। बीते तीन दिन पहले न्यायालय द्वारा महेंद्र समेत 22 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था और जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के द्वारा बीते माह ही 23 अप्रैल को को 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसी क्रम में एक अन्य पंद्रह हजार के इनामी शिवभानू राजपूत को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बानपुर मे विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है। आरोपी महेंद्र को पकड़ने वाली टीम में एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल, प्रभारी इंस्पेक्टर विवेचक वीरेंद्र सिंह पटेल, एसओजी से देवेंद्र यादव, अरुण त्रिपाठी, अमित पाठक, अवधेश यादव, प्रदीप, तेज प्रताप शामिल रहे।