ललितपुर। शहर के एक मोहल्ला निवासी एक युवती से धोखाधड़ी से फलदान करके दस लाख रुपये व जेवरात हड़पकर अब शादी से इंकार करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने भोपाल निवासी दूल्हा पक्ष के तीन नामजद लोगों एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी आदित्य गंगेले पुत्र चंद्रभान गंगेले निवासी अंजली कॉम्प्लैक्स मुहल्ला जैन मंदिर के पीछे तुलसी नगर थाना टीटी नगर भोपाल के साथ 24 अप्रैल को होना तय हुआ था। बीते तीन माह पूर्व 14 फरवरी को फलदान कार्यक्रम होना तय हुआ, जो पूर्व नियत समय के अनुसार हुआ। इसमें 35 व्यक्ति निश्चित स्थान राजदरबार होटल ललितपुर उपस्थित हुए और उसके परिवार वालों एवं रिश्तेदारों के समक्ष फलदान कार्यक्रम हुआ। आरोप है कि उसने फलदान में एक तोला की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और दस लाख रुपये नकद एवं लड़के पक्ष के परिवार वालों को कपड़े व उपहार लड़का आदित्य गंगेले, उसके पिता चंद्रभान गंगेले, उसकी मां अनीता गंगेले एवं उनके रिश्तेदारों को सौंपे थे।
उसी समय उसकी बेटी की गोदभराई की रस्म भी पूरी की गई। इसके कुछ दिन बाद कोविड-19 वायरस की दूसरी लहर आने के कारण आवागमन बाधित हो गया और लॉकडाउन की प्रकिया भी शुरू हो गई। जिससे 24 अप्रैल को शादी का कार्यक्रम नहीं हो सका। अब वह लगातार उन लोगों से शादी के बारे में दिन निश्चय करने व अन्य कार्यक्रम के संबंध में बात कर रही हैं लेकिन उन लोगों ने अब शादी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने लड़के की सरकारी नौकरी बताकर धोखाधड़ी कर शादी का झांसा देकर रकम हड़प ली है। कोतवाल ललितपुर पुलिस ने मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।