ललितपुर। पंचायत चुनाव प्रेक्षक ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की बैठक में जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के मतदान को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 29 अक्तूबर को ब्लाक जखौरा में होने वाले मतदान को स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराएं।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक नेब्बू लाल ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान में मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाए गए सत्रह पहचान विकल्पों के आधार पर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट भ्रमण के दौरान मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाताओं के पास पहचान पत्र होने की जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों का मोबाइल नंबर अपने पास अनिवार्य रूप से रखें और अपना मोबाइल नंबर मतदान कर्मियों को उपलब्ध करा दें।
अपर जिलाधिकारी मिथलेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि तीन चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं, इसी तरह चतुर्थ चक्र को पूरा कराएं। सहायक निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी मतदान स्थल के वार्डवार मतदाताओं की संख्या के अनुरूप मतपत्रों की पैकटिंग कराने की जानकारी ले लें। यह भी सुनिश्चित कर लें कि किस वार्ड के मतदाताओं को कौन से पैकेट से मतपत्र दिए जाएंगे। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मतदान के दिन लगातार भ्रमण करते रहेंगे और प्रत्येक दशा में शाम पांच बजे तक कुल पड़े मत और उसके प्रतिशत की जानकारी कंट्रोल रूम को मुहैया कराएंगे। मतदान स्थलों पर भ्रमण के समय ऐसे मतदान स्थलों का भ्रमण अवश्य करेंगे, जहां पर क्षेत्र पंचायत या जिला पंचायत के दो या दो से अधिक वार्डों के लिए मतदान हो रहा है।
इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर रमेशचंद्र, उप जिलाधिकारी तालबेहट रत्नाकर मिश्र, डीसी मनरेगा नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे, जखौरा ब्लाक के निर्वाचन अधिकारी, बीडीओ जखौरा, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।