संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। एनएच 44 घटवार से तहसील पाली मुख्यालय की सड़क का निर्माण एक माह में पूर्ण हो जाएगा। इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। सड़क बनने से तहसील मुख्यालय समेत 30 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही मध्यप्रदेश के सागर जिले के लिए सीधे बीना, खुरई, खिमलासा से सफर कर सकेंगे।
ब्लॉक बिरधा अंतर्गत झांसी-सागर हाईवे 44 में घटवार से पाली मार्ग लंबे समय से मरम्मत की राह देख रहा था। कई स्थानों पर सड़क का डामर तो दूर गिट्टी तक नजर नहीं आ रही थी। गड्ढों के कारण वाहन चलाना मुश्किल है। दो पहिया वाहन भी सुरक्षित नहीं चल पा रहे थे। वहीं, भारी वाहनों के निकलने पर धूल के गुबार से चलना तक मुश्किल हो रहा था। घटवार से पाली तक 16 किलोमीटर के मार्ग पर लगे 18 गांव व पाली से आगे के लगभग 12 गांव समेत मध्यप्रदेश के सागर जिला में आने जाने वाले लोग इस समस्या से जूझ रहे थे।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने सड़क के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा था। 16 किलोमीटर लंबी सड़क की 1.30 करोड़ से नवीनीकरण कराने की शासन से अनुमति मिल गई थी। अब कार्यदायी संस्था ने निर्माण शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पांच किलोमीटर मार्ग का नवीनीकरण किया जा चुका है। शेष लगभग 11 किलाेमीटर मार्ग का निर्माण एक माह में पूर्ण कर लिया जाएगा।
-
इन गांवों के लोगों को होगा फायदा
तहसील मुख्यालय और नगर पंचायत पाली व ग्राम घटवार, जामुनधाना, सुरउवा, निवाई, ऐरावनी, निबाहो, बरौदी, घुटारी, पठारी, विजयपुरा, निबउवा, उत्तमधाना, मगरपुर, बरौदा, रजौरा, बछलापुर, भौंता, सिमरधा, बजरंगगढ़, बंट, जामुनधाना कलां, कैथोरा, ठगारी, चंदेरा, मासद, कनपुरा, दूधई, बम्हौरी, बालाबेहट, रसोई आदि गांवों की लगभग 50 हजार की आबादी को सुविधा होगी।
-
हाईवे से लगे घटवार-पाली के 16 किलोमीटर की सड़क का नवीनीकरण चल रहा है। एक माह में कार्य पूरा हो जाएगा।
- दानिश खान, सहायक अभियंता, निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग