----------------------
लॉकडाउन में कोई रियायत नहीं
ललितपुर। ग्रीन जोन में जिला होने के बाद भी लॉकडाउन में कोई रियायत नहीं है। केवल वही दुकानें खुलेंगी, जो अभी तक खुल रही थीं। चार मई से लाकडाउन- 3 शुरू हो रहा है। लोगों को बड़ी उम्मीद थी कि जिले में कोरोना संक्रमित कोई मरीज नहीं होने के कारण लॉकडाउन के दौरान कुछ रियायतें मिल सकती हैं। कुछ व्यापारी तो अपनी दुकानें खोलने को लेकर काफी उत्साहित थे। लेकिन, लॉकडाउन के तीसरे चरण में भी फिलहाल कोई रियायत नहीं है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि जो दुकानें जिस समय तक खुल रही थीं, केवल उन्हीं को अनुमति है। किसी भी दुकान को अलग से खोलने की कोई अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन और हालातों को देखने के बाद ही अगला निर्णय लिया जाएगा।
उधर, जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल व पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने पुलिस बल से साथ शहर में भ्रमण किया। लोगों से अपील की गई कि लॉकडाउन के नियमों का पालन करें, अनावश्यक घरों के बाहर न निकलें। दुकानों को खोलने के लिए किसी को अनुमति नहीं दी गई है। इसलिए यदि कोई परमीशन के अलावा दुकान खोलता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक एके विजेता, क्षेत्राधिकारी केशवनाथ, कोतवाल संजय शुक्ला, चौकी प्रभारी अजय बहादुर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।