ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जिला चिकित्सालय में वेंटिलेटर एवं आक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि जिला मुख्यालय पर एल-1 व एल-2 की सेवाएं चालू की जाएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, लेकिन विभागीय अधिकारी लोगों से दूरी बनाए हुए हैं। जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं कमजोर नजर जा रही हैं, ऐसे में किसी दूसरे अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाए। एंबुलेंस सेवा के सरकारी रेट तय किए जाएं, ताकि वाहन उपलब्धता के नाम पर लूटमार बंद हो सके। वहीं, जिला मुख्यालय पर एल 1, एल-2 सेवाएं चालू की जाएं, इससे मरीजो को तत्काल इलाज उपलब्ध हो सके। जिला चिकित्सालय में वेंटिलेटर एवं ऑक्सीजन सुविधा कोविड मरीजों को शुरू की जाए। ज्ञापन में नगर महामंत्री रवि साहू, नगर उपाध्यक्ष भगत सिंह राठौर, दीपक सिंघई, नगर मीडिया प्रभारी नितिन पंथ, सह नगर मीडिया प्रभारी गोल्डी राजपूत, रमन सरदार, अवधेश शर्मा के हस्ताक्षर रहे।