जरूरत व पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन भी कराएं : डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जनपद की पांच तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर 117 शिकायतों में अफसरों ने 28 का मौके पर निस्तारण कराया। मड़ावरा तहसील सभागार में डीएम सत्यप्रकाश ने फरियादियों की शिकायतें सुन संबंधित विभाग के अफसरों को सौंपते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि जरूरत व पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन भी कराएं।
मड़ावरा प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को कुल 46 शिकायती प्रार्थनापत्रों में राजस्व के 20, पुलिस विभाग के 8, विकास के 4, विद्युत विभाग के 4, लोक निर्माण विभाग के 2, समाज कल्याण के 2 और अन्य विभागों के 6 प्रार्थनापत्र शामिल हैं। जिलाधिकारी ने मौके पर दस शिकायतों का निस्तारण कराया। इस अवसर पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक, सीडीओ शेषनाथ चौहान, एसडीएम शैलेंद्र चौधरी, एडीएफओ सत्येंद्र तोमर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। उधर, तालबेहट में एसडीएम अभिजीत सिंह व सीओ रक्षपाल सिंह ने राजस्व के 10, विकास के 3, पुलिस के 11 व अन्य विभागों के 12 आए प्रार्थनापत्रों में 14 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। इधर सदर तहसील में एसडीएम मनीष कुमार व सीओ अजय कुमार ने राजस्व विभाग के 5, पुलिस विभाग का 1, विद्युत का 1 तथा अन्य विभागों के आए 5 प्रार्थनापत्रों में 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया।
उधर, महरौनी में एसडीएम रजनीश वाजपेयी व सीओ आशीष मिश्रा ने राजस्व के 4, पुलिस के 2, विकास विभाग का 1, पूर्ति विभाग का 1, विद्युत के 2 और अन्य विभाग का एक प्रार्थनापत्र की सुनवाई करते हुए एक शिकायत का मौके पर निस्तारण कराया। वहीं, तहसील पाली में एसडीएम निशांत तिवारी राजस्व के 7, पुलिस के 4 और अन्य विभाग का एक प्रार्थनापत्र में एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण कराया। इस मौके पर तहसीलदार रविंद्र कुमार, थाना प्रभारी दीपक कुमार मौजूद रहे।