ललितपुर। समस्त औद्योगिक इकाइयों/ दुकानों/ वाणिज्यक प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों / सेवायोजकों को पूर्व में अवगत करा दिया गया था कि लॉकडाउन के दौरान अपने यहां काम करने वाले श्रमिकों का भुगतान कर दें। लेकिन, इसमें गंभीरता नहीं बरती गई। ऐसे में अब इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
श्रम विभाग ने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले सभी कर्मकारों को मार्च का पूर्ण वेतन (लॉकडाउन अवधि को जोड़ते हुए) भुगतान करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, अधिकांश प्रतिष्ठानों ने श्रमिकों का भुगतान नहीं किया। जिले में 218 प्रतिष्ठानों ने या तो वेतन नहीं दिया है या फिर श्रम विभाग कार्यालय में अब तक रिपोर्ट नहीं दी है। श्रम विभाग ने ऐसे प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है। ऐसे में सभी को एक बार फिर से निर्देश दिए गए हैं कि किसी सेवायोजक द्वारा कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किया है तो अविलंब कर दें और वेतन भुगतान की सूचना ई-मेल आई डी ह्यह्म्ड्डद्भद्मह्वद्वड्डह्म्द्यद्गशञ्चद्दद्वड्डद्बद्य.ष्शद्व पर भेज दें। प्रारूप में प्रतिष्ठान का नाम, नियोजित कर्मचारियों की संख्या, भुगतान की गई कुल धनराशि, भुगतान का दिनांक, स्थायी कर्मचारी, अस्थायी कर्मचारी और संविदा कर्मचारियों का ब्योरा भी जमा करें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा वेतन भुगतान नहीं होने की शिकायत की जाती है, तो नियमानुसार प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जो प्रतिष्ठान वर्तमान में संचालित हैं, उनके कर्मचारियों के मध्य सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप आवश्यक मास्क एवं सैनिटाइजर/ साबुन आदि की उपलब्धता बनाई रखी जाए।
----------------------
किसी प्रतिष्ठान ने कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया है। यदि कर दिया है तो इसकी रिपोर्ट उनके विभाग को प्राप्त नहीं हुई है। सभी पंजीकृत प्रतिष्ठान तत्काल रिपोर्ट भेज दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
- डीपी अग्रहरि, श्रम प्रवर्तन अधिकारी