ललितपुर। बेतवा नदी में पानी की आवक ज्यादा होने से राजघाट बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसे नियंत्रित करने के लिए बांध के पांच गेट खोलकर 42,765 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। राजघाट बांध के गेट खुलने से माताटीला बांध के नौ खोले गए और 23976 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। हालांकि, शाम को बांधों का जलस्तर निर्धारित होने पर पानी की निकासी कम कर दी गई।
इन दिनों मध्य प्रदेश क्षेत्र में झमाझम बारिश हो रही है। इस कारण वहां की नदियां उफान मार रही हैं। एमपी से आने वाली बेतवा नदी का भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। इससे इस नदी पर बने राजघाट बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी। जलस्तर को निर्धारित स्तर पर रखने के लिए मंगलवार सुबह राजघाट के पांच गेट डेढ़-डेढ़ मीटर खोलकर 42,765 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, राजघाट बांध के गेट खुलने से माताटीला बांध में पानी की आवक बढ़ने लगी। इससे बांध के निर्धारित जलस्तर में बढ़ोतरी हुई। इसे नियंत्रित रखने के लिए बांध के 9 गेट दो-दो फीट खोलकर करीब 23976 क्यूसेक पानी की निकासी की जाने लगी। हालांकि, शाम करीब चार बजे बेतवा नदी के जरिए राजघाट बांध में पानी की आवक कम होने से गेटों से 9 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। माताटीला बांध से भी पानी की निकासी कम की गई। सिंचाई विभाग के अधिकारी बांध के जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं।
बांध में पानी की आवक ज्यादा होने से पांच गेट खोलकर 42,765 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शाम को पानी की आवक कम होने और जलस्तर निर्धारित होने पर निकासी कम करके नौ हजार क्यूसेक कर दी गई। - इंजी. अशोक कुमार, सहायक अभियंता, राजघाट बांध।