तालबेहट। पूराकलां मार्ग पर सुनौरी पुलिया के पास मंगलवार को तेज गति से जा रही टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार आधा दर्जन से ज्यादा सवारियां घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सीएचसी लाया गया।
कोतवाली अंतर्गत राधापुर गांव से एक टैक्सी ओवरलोड सवारियां भरकर तालबेहट जा रही थी। तेज रफ्तार टैक्सी पूराकलां तालबेहट मार्ग पर सुनौरी पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। जब तक चालक उस पर नियंत्रण करता, तब तक वह पलट गई। टैक्सी सवार गौरव (17) पुत्र गुनसागर निवासी करेंगा, सुषमा (35) पत्नी विजय सिंह निवासी चुरावनी, फूल सिंह (50) पुत्र गनपत निवासी राधापुर, रामचरन (30) पुत्र परम निवासी मोटा हसगुआ, शारदा (26) पत्नी रामचरन निवासी मोटा हसगुआ, दशरथ (70) पुत्र अंतू निवासी पूनिया खेरा थाना जखौरा, अंजना (15) पुत्री विजय सिंह निवासी चुरावनी व टैक्सी चालक तिलक (22) पुत्र फूलसिंह निवासी राधापुर घायल हो गए। सीएचसी पर दो घायल गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने टैक्सी को अपने कब्जे में ले लिया। देर शाम तक किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।