ललितपुर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र- छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई 20 मई से आरंभ हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने टाइम टेबल तैयार करके विषय अध्यापकों को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी है।
कक्षा अध्यापकों से हर रोज प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है। इस दौरान उन्हें यह बताना होगा कि कितने विद्यार्थी ऑनलाइन पठन- पाठन से जुड़े हैं। इस तरह हर हफ्ते अनुपालन आख्या तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जिले में 110 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 38 राजकीय, 11 सहायता प्राप्त एवं 61 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में 9 से 12 तक की कक्षाओं में लगभग 68 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। अधिकारियों के दिशा निर्देशों पर अमल करते हुए विद्यालयों ने ऑनलाइन पठन- पाठन शुरू कर दिया है। विद्यालयों द्वारा पठन - पाठन के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रत्येक विषय के अध्यापकों एवं कक्षा अध्यापकों से निर्धारित प्रपत्र पर ऑनलाइन शिक्षण कार्य की सूचना तैयार कर संरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।