ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण पर अंकुश लगता नजर आ रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 2727 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट में एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। अब जिले में सिर्फ 27 संक्रमित व्यक्ति रह गए हैं, जिन्हें उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
जनपद में संक्रमण लगातार दम तोड़ता नजर आ रहा है। बीते दिन दो दिन पहले ढाई हजार से अधिक जांच में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया था। वर्तमान में दो दिन से लगातार एक-दो संक्रमित व्यक्ति मिल रहे हैं। कम संक्रमण मिलने से रिकवरी दर बढ़ गई है। वहीं, एक्टिव केस में भी कमी आई है। वर्तमान में महज 27 एक्टिव संक्रमित मामले हैं, जिन्हें उपचार मुहैया कराया जा रहा है। हालांकि संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करने की आवश्यकता है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटर से 2727 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 1167 सैंपल आरटीपीसीआर किट से व एंटीजन किट से 1560 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें बीते दिनों की आरटीपीसीआर सैंपलों की आई रिपोर्ट में एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। संक्रमित ब्लॉक तालबेहट के कस्बा निवासी 22 वर्षीय युवक है। जिसे संपर्क कर उपचार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। संक्रमितों में एक एक 16 वर्षीय किशोर व 30 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें एक होम आइसोलेशन में है और एक का उपचार करा रहा है।
2064 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी
जनपद में अब तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12676 पहुंच गई है। इनमें 124 की मौत हो चुकी और 12525 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। वर्तमान में 27 मरीजों का उपचार चल रहा है। हालांकि बीते दिनों आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 2064 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। राहत यह है कि रिकवरी रेट बढ़कर 98.80 पहुंच गई है।
सोमवार को 2727 व्यक्तियों के सैंपल की जांच में एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। संक्रमित से संपर्क कर उपचार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
- डॉ. देशराज सिंह, एपीडेमियोलॉजिस्ट