ललितपुर। बुधवार की रात थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम जखौरा के पास बाजार से लौट रहे एक मछली विक्रेता की मोपेड में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे खंती में गिरने से उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव खंती में पड़ा मिला।
बुधवार की सुबह मड़ावरा रोड स्थित मास्टर कॉलोनी निवासी हरभजन (32) पुत्र कड़ोरे लाल रैकवार मछली बेचने के लिए ग्राम सौजना के बाजार गया था। रात्रि करीब आठ बजे जब वह वापस लौट रहा था तो अज्ञात वाहन की टक्कर से वह मोपेड समेत सड़क से दूर एक खंती में जा गिरा। सुबह होने पर गांव के आसपास के लोगों ने उसका शव खंती में पड़ा देखा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर महरौनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाइयों में छोटा था और उसका एक पुत्र व एक पुत्री है।