ललितपुर। अनंत चतुर्दशी पर शनिवार को घर-घर भगवान अनंता का का पूजन विधि विधान के साथ किया गया। इस दौरान घरों में भगवान शिव और विष्णु का पूजन अर्चन करते हुए श्रद्धालुओं ने चारों धाम का नाम लेकर भगवान की परिक्रमा की।
अनंत चतुर्दशी का सनातन धर्म में काफी महत्व माना गया है। इस दिन घर घर भगवान अनंत यानि भगवान विष्णु और शिव की श्रद्धा व उत्साह के साथ पूजा अर्चना की जाती है। इसके लिए लोग बाजारों से खरीदकर अनंता लेकर आते हैं और घर में बनाए पकवान व मिष्ठान का भोग लगाया जाता है। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले कलश स्थापना की, फिर आटे का चौक बनाया, जिस पर गीले आटे से बनाई गई भगवान की मूर्ति का हल्दी, रोली व चावल एवं फूल दूब चढ़ाया और फिर जल व दूध अर्पित किया गया।
इसके बाद घर में बनाए पकवानों व मिष्ठान एवं खीर पूड़ी का भोग लगाया, फिर घर के सभी सदस्यों ने एक साथ आरती करते हुए अक्षत भी चढ़ाया। यही नहीं घर के सभी सदस्यों ने एक साथ भगवान अनंत की चारों धामों के नाम लेकर सात बार परिक्रमा की। यह पर्व पूरे शहर में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया और फिर लोगों ने बाजार से लाए अनंता का पूजन करते भुजाओं में श्रद्धा के साथ पहनकर बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया।