ललितपुर। थाना सौजना अंतर्गत ग्राम क्योलारी में अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे बुजुर्ग की नीचे गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक युवक पर बुजुर्ग को धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
ग्राम क्योलारी निवासी कुंवरलाल (65) रविवार की रात करीब पौने नौ बजे अपने चबूतरे पर रोज की तरह बैठे हुए थे। परिजनों के अनुसार इसी दौरान गांव का एक युवक अपने साथियों के साथ वहां से निकला और कुंवरलाल को चबूतरे से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे जमीन पर जा गिरे और बेसुध हो गए। आवाज सुनकर परिजन जब बाहर आए तो कुंवरलाल जमीन पर बेसुध पड़े थे और उक्त लोग भागते दिखाई दिए। परिजनों ने कुंवरलाल को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठ सके और बेसुध पड़े रहे। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए महरौनी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र नारायण सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पिता रात में खाना खाने के बाद पौने नौ बजे घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां से नशे में निकला और पिता को उसने चबूतरे से धक्का मार दिया, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों द्वारा आरोप लगाए गए हैं, पोस्टमार्टम के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।