ललितपुर। थाना बार के अंतर्गत ग्राम हीरापुर (हनुपुरा) में खेत पर टपरे में लगी आग में जलकर वृद्ध और उसकी भैंस की मौत हो गई। टपरे में आग लगने पर वृद्ध ने कुल्हाड़ी से रस्सियां काटकर पांच गोवंश को तो बचा लिया, लेकिन भैंस लोहे की जंजीर से बंधी होने के कारण नहीं छुड़ा सका।
ग्राम हीरापुर निवासी फूलचंद राजपूत (62) पुत्र दौलत राजपूत रोज की तरह शाम को खेत पर गया और वहां मच्छरों को भगाने के लिए टपरे में धुआं करने लगा। इससे टपरा में आग लग गई और कुछ ही देर में आग की लपटें निकलने लगीं। सड़क से निकल रहे कुछ राहगीरों ने देखा, लेकिन कचरे में आग लगी होने का अनुमान लगाकर मौके पर कोई नहीं गया। टपरे में तीन गाय, एक बछड़ा, एक भैंस और भैंस की पड़िया बंधी हुई थी। आग भड़कने में वृद्ध ने आनन- फानन में पांच गोवंश की रस्सियां काटकर उन्हें मुक्त कर दिया, जबकि एक भैंस जंजीर से बंधी हुई थी, जो छूट नहीं सकी। भैंस को बचाने के चक्कर में वृद्ध और भैंस की आग में जलकर मौत हो गई।
सुबह होने पर जब वृद्ध का पुत्र खेतसिंह खेत पर पहुंचा तो उसका पिता मृत पड़ा हुआ था, जबकि भैंस जंजीर से बंधी हुई थी और वह भी मृत पड़ी थी। पास में ही कुल्हाड़ी पड़ी थी। गोवंश की रस्सियां कटी हुई थीं और गोवंश टपरे के आसपास घूम रहे थे। जानकारी मिलने पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के मंझले भाई वीरन ने बताया कि उसके भाई फूलचंद के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।