- शासन की नई प्रक्रिया से करीब 40 हजार परिवारों को होगा लाभ, पायलट परीक्षण में जनपद का नाम है शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वर्तमान में समाज कल्याण विभाग में वृद्धावस्था पेंशन लेने के लिए आवेदन करना होता है। इसके बाद विभाग सत्यापन करता है, तब जाके पेंशन स्वीकृत होती है। इसके लिए कई बार बुजुर्गों को अपनी पेंशन प्रारंभ कराने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में शासन ने इस प्रक्रिया को सरल कर दिया है। फैमिली आईडी से सीधे 60 साल उम्र पूरी कर चुके लोगों को डाटा समाज कल्याण विभाग स्वयं उठाकर सत्यापित कराएगा। हालांकि अभी विभाग पूरी प्रक्रिया के लिए शासन के विस्तृत आदेश का इंतजार कर रहा है।
शासन ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में सुधार लाते हुए पेंशन भुगतान प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए कदम उठाया है। इसमें फैमिली आईडी से उनकी पहचान व सत्यापन करते हुए पेंशन सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचा दी जाएगी। यह योजना प्रदेश में पांच जिलो में पायलट परीक्षण के लिए लागू की गई है। इनमें जनपद का नाम भी शामिल किया गया है। नई व्यवस्था में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गाें को आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। फैमिली आईडी की आयु और परिवार के ब्योरे से स्वत: पता चल जाएगा कि कौन पेंशन के लिए पात्र है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 52170 लोगों को वर्तमान में पेंशन दी जा रही है।
-
अभी शासन से कुछ सूचनाएं आई हैं, साथ ही समाचार पत्रों के माध्यम यह जानकारी प्राप्त हुई है। किस प्रकार से कार्य किया जाना है, इसके लिए विस्तृत शासन के आदेश आने के बाद ही कार्रवाई जाएगी।
संजय श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी