संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आपदा से बचाव के सभी यंत्रों का संचालन अधिकारी अच्छी तरह से सीख लें, जिससे विषम परिस्थिति में वह इसका इस्तेमाल कर सकें। यह निर्देश जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने आपदा के समय एवं आपदा से पूर्व की तैयारियों को लेकर आयोजित एक कार्यशाला के दौरान दिए।
कार्यशाला में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि समस्त विभाग आपदा से पूर्व एवं आपदा के बाद किए जाने वाले कार्यों से संबंधित आपदा प्लान बनाकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में आपदा की स्थिति में किए गए, रेस्क्यू ऑपरेशन का डाटा एकत्रित करते हुए भावी आपदाओं के लिए प्रस्ताव बना लें। सभी सार्वजनिक स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम सुचारु रहे, प्रत्येक थानों में एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आपदा किट उपलब्ध रहे, ताकि आवश्यकता की स्थिति में उपयोग में लाई जा सके।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि वह नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के लिए ड्रेनेज प्लान तैयार करें। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत के रेस्क्यू एरिया में शेल्टर होम एवं सामुदायिक शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं को आपदा से संबंधित पीपीटी तैयार कर सप्ताह में एक दिन अवश्य पढ़ाई जाए। समय-समय पर उनका एग्जाम भी लिया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, अग्निशमन अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आदि मौजूद रहे।