ललितपुर। तालबेहट क्षेत्र में एक स्मार्ट स्कूल के उद्घाटन के दौरान जाति/धर्म विशेष के विरुद्ध सरस्वती पूजन स्थल के ठीक ऊपर दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी हुई थी। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) व शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। इसके बावजूद न तो आपत्तिजनक टिप्पणी हटवाई गई और न इस संबंध में कोई कार्रवाई हुई। संबंधित स्लोगन का वीडियो वायरल होने पर अफसरों की चुप्पी टूटी। टिप्पणी किसने लिखवाई यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। हालांकि बीएसए ने स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सहित एक सहायक अध्यापक को इस मामले में निलंबित कर दिया है। डीएम ने मामले में विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
रविवार को विकासखंड तालबेहट अंतर्गत कंपोजिट ऐवनी विद्यालय में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया गया। आयोजन में बीएसए रामप्रवेश, खंड शिक्षा अधिकारी ब्रजेश सिंह, मिडडे मील समन्वयक कपिल दुबे उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद स्कूल की दीवार पर स्लोगन लिखा फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक जाति के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इससे लोगों में रोष पनप गया। सोमवार को विभिन्न संगठनों ने ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
खंड शिक्षा अधिकारी तालबेहट द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट में विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की संस्तुति की गई। उक्त प्रकरण में विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक कादिर खान एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनिल कुमार (राहुल) प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। बीएसए रामप्रवेश ने दोनों को निलंबित कर दिया, साथ ही इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी बार को सौंपी है। इसमें शिक्षक आचरण नियमावली का अनुपालन न करना एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप भी शामिल है।
मैं टिप्पणी नहीं, गांधी जी को देख रहा था: बीएसए
स्मार्ट स्कूल के उद्घाटन समारोह के दौरान लिए गए एक फोटो में बीएसए आपत्तिजनक टिप्पणी को पढ़ते हुए दिख रहे हैं। समारोह में सामने शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी मौजूद थे। इसके बावजूद किसी अधिकारी ने न तो इसका संज्ञान लिया और न इसे हटवाया। हालांकि इस संबंध में बीएसए रामसेवक का कहना है कि वह आपत्तिजनक टिप्पणी को नहीं पढ़ रहे थे। उसके ऊपर लगे गांधी जी के चित्र को देख रहे थे।
दो अध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जो भी अन्य दोषी होगे उन पर कार्रवाई की जाएगी
अन्नावि दिनेश कुमार, जिलाधिकारी ललितपुर
स्लोगन को हटवा दिया गया है। दोषी अध्यापकों को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए है।
रामप्रवेश, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ललितपुर
हम लोगों को शुुुुभारंभ के लिए बुलाया गया था। जब स्लोगन देखा गया तो उसे मिटवाया गया। जांच आख्या बीएसए को भेज दी गई।
बृजेश कुमार, खंड शिक्षाधिकारी तालबेहट
स्कूल की दीवार पर टिप्पणी लिखवाने वालों को भेजा जाए जेल
24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो 20 जनवरी को अनशन करेंगे समाजसेवी संगठन, अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर हिंदू धर्म एवं मंदिरों में आस्था रखने वाले समाज के विरुद्ध स्कूल की दीवार पर टिप्पणी लिखने वालों के खिलाफ जांच कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाते हुए बताया कि विकासखंड तालबेहट के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ऐवनी में रविवार को बीएसए रामप्रवेश एवं खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह की मौजूदगी में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन हुआ। जब मां सरस्वती का पूजन किया जा रहा था, मां सरस्वती के चित्र के ऊपर विद्यालय की दीवार पर सनातन धर्म को अपमानित करने के उद्देश्य से टिप्पणी अंकित की गई। कुछ शिक्षा अफसरों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आईं। इसमें संलिप्त अफसरों, स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ आईटी एक्ट, सामाजिक व धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने एवं शिक्षक कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में नौकरी से हटाया जाए। साथ ही, उक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेजा जाए।
यदि 24 घंटे के अंदर इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो समाजसेवी संगठन 20 जनवरी को समय सुबह 10 बजे से घंटाघर प्रांगण में अनशन करने के लिये बाध्य होगें। ज्ञापन पर मयंक वैद्य, प्रशांत शुक्ला, श्यामाकांत चौबे, सुनील पटैरिया, भूपेंद्र तिवारी, रानू बुंदेलखंडी, अभिषेक दुबे, मनीष दुबे, अनुराग चतुर्वेदी, डॉ. दीपक पस्तोर, दीपक कुुमार त्रिपाठी, कीर्तिमान बुंदेला, उमेश सुड़ेले, संदीप नायक, आयुष शर्मा, कृष्णा शर्मा, अंकित दुबे आदि के हस्ताक्षर हैं।
इन्होंने भी दिया ज्ञापन
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता एवं विकास परिषद, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ, ब्राह्मण महामंडल, भगवान परशुराम सेवा समिति, युवा वैदिक विद्युत परिषद, हिंदु युवा वाहिनी, गौसेवा मंडल, गौपुत्र सेना, बजरंग सेना, विवेकानंद फाउंडेशन, युवा भारत, अखिल भारत हिंदु महासभा शामिल रहे।
कैप्सन - स्मार्ट क्लास शुभारम्भ मौके पर स्लोगन को पढ़ते बीएसए- फोटो : TALDEHATE