ललितपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बृहस्पतिवार को नगर पालिका बालिका इंटर कालेज में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बच्चियों के साथ नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर को स्वच्छ रखने की शपथ ली।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका बालिका इंटर कालेज के प्रबंधक/नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बच्चियों ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का मन मोह लिया। इसके बाद स्वच्छता पर आधारित रंगोली, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर को साफ रखने में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बीमारियों को दूर भगाने के लिए जरूरी है कि कचरा को डस्टबिन में डालें। घर, मुहल्लों, विद्यालय में गंदगी न फैलाएं। सभी लोग ऐसा करना शुरू कर दें तो नगर स्वच्छ और सुंदर लगने लगेगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राजेश भारती ने कहा कि अधिकांश बीमारियां गंदगी के कारण फैलती हैं। इन बीमारियों से बचने के लिए आसपास साफ-सफाई रखनी होगी और जलभराव रोकना होगा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केएन शर्मा ने बच्चियों व कर्मचारियों से नियमित साफ-सफाई करने की आदत डालने की बात कही।
आयोजन में पीएन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रामस्वरूप नामदेव, प्रधानाचार्य सुमनलता सोनकर, मुख्य सफाई और खाद्य निरीक्षक आरके लवानियां, सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार बिरौनियां, रमाकांत तिवारी, अभिषेक कुमार चौबे, चंद्र विनोद मिश्रा, सुधीर रावत सहित नपा बालिका इंटर कालेज की शिक्षकाएं व कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन शिक्षक ओमप्रकाश पटैरिया ने किया।
अन्य आयोजन करेगी नपा
नगर पालिका नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। इसके अंतर्गत नुक्कड़-नाटक, मानव शृंखला, मंदिर, मस्जिद और मलिन बस्तियों में सफाई अभियान के साथ-साथ अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। यह कार्यक्रम आने वाले दिनों में देखने के लिए मिलेंगे।