- ग्राम पंचायतों की सचिवालयों में बनेंगे आधार कार्ड, जिला पंचायती राज विभाग ने कवायद की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ग्रामीणों के लिए अब आधार कार्ड बनवाने के यहां-वहां भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही उन्हें गांव के पंचायत सचिवालय में आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने की सुविधा मिलेगी। जिला पंचायती राज विभाग ने इसकी कवायद शुरू कर दी है।
ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए शहरों या तहसील मुख्यालय तक जाना पड़ता था। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह कार्य बहुत कठिन हो जाता था। लेकिन अब गांवों में ही उन्हें आधार बनवाने व संशोधन करवाने की सुविधा मुहैया कराने की पहल की गई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण से हरी झंडी मिलने के बाद ग्राम पंचायतों के सचिवालयों में आधार केंद्र खोले जाएंगे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए पहले ऐसे ग्राम सचिवालयों को चिह्नित किया जाएगा जहां पहले से कामन सर्विस सेंटर सीएससी बेहतर ढंग से काम कर रहे हैं। यहां कार्यरत पंचायत सहायकों को चिह्नित कर आधार से संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। जिला पंचायतीराज विभाग ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है।
यह सुविधाएं भी मिलेंगी
ग्राम सचिवालयों में नया आधारकार्ड बनाने के साथ ही नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पते में सुधार, बायोमैट्रिक अपडेट, बाल आधार बनवाने की सुविधा मिल सकेगी। इसका लाभ गांव के लोगों को मिलेगा।
-
स्कूलों में बच्चों के प्रवेश में होगी सुविधा
परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके अपार आईडी और यू-डायस पर एंट्री कराने के लिए आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। इसलिए प्रवेश के समय अभिभावकों के समक्ष बच्चों का आधार कार्ड न होने से समस्या आ रही थी। आधार कार्ड बनवाकर देने की शर्त पर अभिभावकों को 15 दिनों का समय देकर ही बच्चों को स्कूल में सिर्फ बैठने की इजाजत देते हैं।
-
ग्राम सचिवालयों में बेहतर ढंग से काम करने वाले कामन सर्विस सेंटरों को चिहिंत कर यहां कार्यरत पंचायत सहायकों को आधार से संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ग्राम सचिवालयों में आधार कार्ड केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
कुंवर सिंह यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी