ललितपुर। नगर पालिका सभागार में शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक को कार्य में लगातार लापरवाही बरतने पर अंतिम चेतावनी दी गई और अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया। विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने मोहल्लों के विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे, जिस पर ध्वनिमत से अंतिम मुहर लग गई।
नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में मुख्य खाद्य और सफाई निरीक्षक आरके लवानियां की लापरवाही का मुद्दा छाया रहा। 12 पार्षदों ने इस संबंध में अध्यक्ष को एक हस्ताक्षरित शिकायती पत्र दिया, जिसमें बताया गया कि मुख्य सफाई निरीक्षक के वार्डों में गंदगी व्याप्त है। कचरे के ढेर लगे रहते हैं। पार्षदों के अनुरोध पर भी कोई कार्रवाई नहीं होेती है। उन्होंने कार्यमुक्त करने की मांग की। इस पर अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने नाराजी व्यक्त की और त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य सफाई निरीक्षक को अंतिम बार सुधार लाने की चेतावनी दी।
पार्षदों ने अवर अभियंता विपिन कुमार पर लचर रवैया अपनाने का आरोप लगाया, जिससे ठेकेदार निरंकुश हो रहे हैं। इस पर अध्यक्ष ने जेई से स्पष्टीकरण मांगा। बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर दो, तीन, पांच, छह, सात, आठ, 10, 14, 16, 17, 19, 20, 21 के पार्षदों ने त्योहारों को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई कराने व नालियों, पुलियों, खराब सड़कों की मरम्मत करने की मांग की। प्रस्तावों को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
बैठक में जल विहार पर्व धूमधाम से मनाने, 122 आउट सोर्सिंग के सफाई मजदूरों का भुगतान करने, ऑडिटोरियम निर्माण के लिए धनराशि को पत्र लिखने, ललितेश्वरी मंदिर के पीछे सड़क निर्माण करने सहित अन्य पर प्रस्तावों पर मुहर लगी। बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी केएन शर्मा,
पार्षद रामसखी कुशवाहा, कृष्ण कुमार पंथ, मुहम्मद शरीफ कुरैशी, कमल सिंह यादव, रजनी रजक, विवेक दरौनियां, पार्वती रजक, अशोक कुमार पंथ, शाइस्ता बानो, मुस्तफा खां, रामसेवक प्रजापति, मोदी पंकज जैन, जगदीश कुशवाहा, मोहम्मद इदरीश राइन, सुरेंद्र सिंह उर्फ भैया यादव, पुष्पारानी कुशवाहा, तबस्सुम, महेंद्र कुमार सिंघई, ममता तिवारी, आशाराम कुशवाहा, सहारा बानो, धर्मेंद्र उर्फ रूपेश, भवानी सिंह यादव, अनुराग चौबे, अनुराग जैन, नामित पार्षद प्रदीप शर्मा, महेंद्र शाह, स्वपिभनल जैन, नपा कर्मियों में अवर अभियंता विपिन कुमार, कार्यालय अधीक्षक रमाकांत तिवारी, प्रदीप सिंह सौंरियाल, दीनदयाल सोनी, हबीब खान, अभिषेक कुमार चौबे, दीपेंद्र कुमार, रामसेवक वाल्मीकि, नरेंद्र राठौर, विनीत कुमार वाल्मीकि उपस्थित रहे।
साफ-सफाई पर रखें विशेष ध्यान
बोर्ड बैठक में अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बताया कि नगर में जैन धर्म के पर्व पर्यूषण शुरू हो गए हैं। आगामी दिनों में जल विहार, बकरीद, नवरात्रि, मुहर्रम के त्योहार आने वाले हैं। इनको देखते हुए नगर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। जिससे नगर के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
निर्माण कार्य कराए जाने की मांग
ललितपुर। नगर पालिका वार्ड 14 के पार्षद मोहम्मद इदरीश राइन ने अध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देकर वार्ड में निर्माण कराए जाने की मांग की। इसमें उन्होंने सुनील कुमार के मकान से महेंद्र सिंह परिहार, लाल सिस्टर के मान की संकरी पुलिया, रिसाला मंदिर की चाहर दीवारी, लेड़ियापुरा देहरे मंदिर परिसर में सीसी निर्माण कराने की मांग की।