संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यहां तैनात रहे तीन खंड विकास अधिकारियों का स्थानांतरण शासन ने गैर जनपद कर दिया है। इसमें ब्लॉक बार, बिरधा और जखौरा के खंड विकास अधिकारी शामिल हैं, जबकि दो खंड विकास अधिकारियों का स्थानांतरण गैर जनपद से जिले में हुआ है।
शासन ने बुधवार को खंड विकास अधिकारियों के स्थानांतरण की सूची जारी की। बार के खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार का स्थानांतरण आजमगढ़, बिरधा के खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा जालौन और जखौरा के खंड विकास अधिकारी दीपेंद्र पांडे का जनपद बहराइच में स्थानांतरण हुआ है। ये तीनों खंड विकास अधिकारी जिले में पिछले तीन वर्षों से तैनात थे, जबकि रमेश कुमार यादव का जनपद बलिया से और फर्रुखाबाद से कौशल कुमार गुप्ता को जनपद में स्थानांतरित किया गया है। इस स्थानांतरण की प्रक्रिया को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देखा जा रहा है।