ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर में एक महिला के संक्रमित होने के बाद क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया है। इस कारण टैंकर से की जा रही जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। वहीं, अन्य क्षेत्रों में रोजाना की तरह टैंकर भेजकर लोगों को पानी उपलब्ध कराया गया।
नेहरू नगर में पहले से पेयजल की समस्या बनी हुई है, जिस कारण यहां की लगभग साठ फीसदी आबादी को ही पाइप लाइन की आपूर्ति हो पाती है। बाकी अन्य लोगों को टैंकर व हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। इसके बाद इसे हॉट स्पॉट क्षेत्र घोषित कर रास्तों में बेरीकेडिंग कर दी गई, जिससे आवा जाही प्रभावित हो गई है। इसका असर टैंकर से हो रही जलापूर्ति पर पड़ा है।
शनिवार को जलसंस्थान द्वारा नैन्सी गार्डन के पास, मंदिर के पास, हड्डी मिल के पास नहीं भेजे जा सके, जबकि नरेंद्र मेडीकल स्टोर के पास, श्यामा गार्डन, फौजी के पास, वंशीधाम कालोनी में झिब्बू की दुकान के पास टैंकर भेजे गए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो सका। तमाम लोग टैंकर से पानी भरते समय सोशल डिस्टेंस को भूल गए।
----
हॉटस्पाट क्षेत्र में बेरीकेडिग के कारण टैंकर नहीं पहुंचाए जा सके। अन्य क्षेत्रों में टैंकर रोजाना की तरह भेजे जा रहे हैं।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता
जल संस्थान