ललितपुर। शहर के चिह्नित स्थानों पर पानी आपूर्ति के लिए आने वाले टैंकर बंद हो जाने से पेयजल का संकट पैदा हो गया है। बृहस्पतिवार को नेहरू नगर व रैदासपुरा के लोग परेशान रहे। कई लोगों को तो इस बात का भरोसा ही नहीं हो रहा था कि इस भीषण गर्मी में जल संस्थान द्वारा अचानक टैंकरों से होने वाली पानी की सप्लाई कोरोक दिया गया है। लोग घंटों टैंकर आने का इंतजार करते रहे। जब टैंकर नहीं आए तो बूढ़े से लेकर बच्चे तक सभी दूरदराज से ढोकर पानी लाए।
शहर में अभी पेयजल समस्या का निदान भी नहीं हो पाया था कि जल संस्थान ने टैंकरों से हो रही जलापूर्ति बंद कर दी, जिससे विभिन्न वार्डो में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है। मोहल्ला नेहरू नगर में मेन रोड पर पुरानी कलारी के पास, पुरानी पुलिस चौकी के आगे जगदीश किराना की दुकान के पास, प्राइमरी पाठशाला स्कूल के गेट पर, नैंसी गार्डन के पास, पतरूआ माता मंदिर के गेट पर, वंशी धाम कॉलोनी में सोनू यादव के घर के पास, झिब्बू की दुकान के सामने जल संस्थान द्वारा पानी के टैंकर आते थे, लेकिन अब एक जुलाई से जल संस्थान के अधिकारियों ने नेहरू नगर में पानी के टैंकर बंद कर दिए हैं, जिससे मोहल्ले में पानी के लिए परेशानी बढ़ गई है। कई लोग टैंकर की जलापूर्ति बंद होने का अभी भी भरोसा नहीं कर पा रहे हैं और वे नियत स्थान पर बर्तन लेकर पहुंच रहे हैं।
घंटों इंतजार के बाद उन्हें मायूसी हाथ लग रही है। बृहस्पतिवार को कई लोगों ने दिनभर उमस भरी गर्मी में हैंडपंपों से पानी भरा। इस दौरान कइयों के शरीर पसीना से तरबतर हो गए।
नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू ने जो पानी भरने के लिये नल लगवाए हैं, वहां पर पानी भरने के लिए भीड़ लगी रही। यहां एक आदमी दो या तीन पानी की बड़ी टंकी और डिब्बा पानी भरने के लिए रख लेते हैं और जब एक आदमी का पूरा पानी भर जाता है, तब किसी दूसरे आदमी का नंबर पानी भरने के लिए आते हैं। इस तरह पानी भरने के लिए रोज इन नलों पर बर्तन रखकर नंबर लग रहे हैं। ऐसे में लोगों को अपनी बारी के इंतजार में काफी देर तक बैठना पड़ता है। उधर, हैंडपंपों पर पानी भरने के चक्कर में आए दिन झगड़े हो रहे हैं।
----
इन स्थानों पर टैंकर की जरूरत
नेहरू नगर मोहल्ले में जल संस्थान के पानी के टैंकरों की अभी भी जरूरत महसूस की जा रही है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि प्राइमरी स्कूल के गेट पर, अग्रवाल की किराने की दुकान के पास, वंशीधाम में सोनू यादव के घर के पास, और छिब्बू की दुकान के सामने टैंकर से जलापूर्ति जारी रखी जाए।
----
मोहल्ले में पानी की बहुत ज्यादा किल्लत है। मोहल्लावासियों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है, लेकिन अभी तक इसका निदान नहीं हो सका। आला अधिकारियों को चाहिए कि जल ंसंस्थान के अधिकारियों को आदेशित किया जाए कि वे मोहल्ला नेहरू नगर में रोज पानी के टैंकर भिजवाएं।
- नीतू
---
मोहल्ले की कई गलियों में पाइप लाइन की आपूर्ति बाधित होती है, इस कारण लोगों को टैंकर व हैंडपंप पर निर्भर होकर रहना पड़ता है। वर्तमान में टैंकर की आपूर्ति बंद हो गई है, जिससे समस्या गंभीर हो गई है।
- मक्खन
जब तक शहर में पर्याप्त बारिश नहीं हो जाती, तब तक टैंकर से जलापूर्ति जारी रखी जाना चाहिए। अन्यथा, नेहरू नगर में पेयजल की परेशानी बढ़ जाएगी। जिला प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
- मीराबाई
जनप्रतिनिधियों को इस दिशा में पहल करना चाहिए, जिससे मोहल्ले की पेयजल समस्या का समाधान हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष ने लोगों के लिए पेयजल का इंतजाम कराया है, लेकिन अभी परेशानी कम नहीं हुई है।
- शोभा
मोहल्ले में कई हैंडपंप खराब पड़े हैं तो कइयों में पानी कम निकल रहा है। बारिश भी अभी उतनी नहीं हुई है, जिससे कि जमीन में पानी का लेवल बढ़ा हो। इसके बाद भी टैंकरों को बंद करना गलत निर्णय है।
- आशा देवी
मोहल्ले में जहां बर्तन लेकर पहुंचते हैं, वहां नंबर लगा मिलता है। चाहे हैंडपंप की बात हो या नलों से पेयजल आपूर्ति हो। दोनों ही स्थानों पर पानी के लिए नंबर लगाए जा रहे हैं, इस कारण घंटों का समय पानी के इंतजार में ही चला जाता है।
- कमला
----
तीस जून तक गर्मी का सीजन माना जाता है, तभी तक टैंकर से पानी पहुंचाया जाता है। अब बरसात का सीजन आरंभ हो गया है, इसलिए टैंकर बंद किए गए हैं। यदि कहीं आवश्यक होगा तो वहां टैंकर भेजे जाएंगे।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता
जल संस्थान