ललितपुर। वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस ने जिले में पैर पसारना शुरु कर दिया है। यहां पर 24 घंटे में दो कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में जांच कराने आए ग्राम देवरानकलां साढ़ूमल निवासी ह्दय रोगी की जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। रोगी को हृदय संबंधी उपचार कराने के लिए नासिक जाना था, लेकिन कोरोना पॉजिटिव निकलने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
जनपद में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना का दूसरा केस सामने आया है।
जिले के ब्लॉक महरौनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरानकलां निवासी एक व्यक्ति ह्रदय की बीमारी से पीड़ित था। ह्रदय के उपचार के लिए नासिक जाने की तैयारी चल रही थी। नासिक जाने के लिए वह कोरोना जांच कराने के लिए जिला अस्पताल में आया था। जांच पर कोरोना संदिग्ध आने पर उसकी कंफर्म जांच की गई, जिसमें संबंधित व्यक्ति में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है।
कोराना जांच में पुष्टि होने पर स्वास्थ्य महकमा में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित मरीज को झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। वहीं, संक्रमित व्यक्ति के साथ जांच को आए लोगों को क्वांरटीन किया गया है।
शुक्रवार को परिजनों को किया जाएगा क्वारंटीन
शुक्रवार की सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर संक्रमित व्यक्ति की हिस्ट्री खंगालेगी। परिजनों के सैंपल लेकर क्वारंटीन किया जाएगा। आसपास के क्षेत्र को सील कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी साथ में जांच कराने आए चार लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
जिले में संख्या पहुंची दस
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। शुरुआत में तीन सप्ताह के बाद कोरोना के मरीज निकल रहे थे, लेकिन बृहस्पतिवार को 24 घंटे में दो मरीज निकले। अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या दस पहुंच गई है।
ग्राम देवरानकलां निवासी व्यक्ति कोरोना जांच में पॉजिटिव आया है। इसके साथ आए लोगों को क्वारंटीन किया गया है। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दस पहुंच गई है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
288 व्यक्तियों के सैंपल लिए
ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जांच की संख्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को 288 व्यक्तियों के सैंपल लेकर जांच की गई। इसमें दस व्यक्तियों के परिणाम निगेटिव रहे। एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं 277 की रिपोर्ट आना बाकी है। इसके अलावा 27, 28, 29, 30 जून व एक जुलाई के कुल 540 की रिपोर्ट आना बाकी है।