पाली (ललितपुर)। कोरोना महामारी को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सैनिटाइजेशन नहीं होने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ग्रामीण इलाकों की सफाई और सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है।
लापरवाही के कारण कोविड 19 के दूसरे चरण का वायरस ग्रामीण क्षेत्रों में भी घातक हो रहा है। पंचायत चुनाव के दौरान गांवों में महानगरों से प्रवासी मजदूर घर वापस लौट आए है। पिछले वर्ष प्रवासी मजदूरों को 15 दिन गांव के विद्यालय एवं एकांत जगह में क्वारंटीन किया जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। इस कारण गांवों में वायरस के हमले की आशंका है। बिरधा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम करमरा, पटौआ, पाली, बेटना, बगंरिया, सतौरा, बंट, सिमरधा, ठगारी, बरौदिया, सलैया, पिपरिया, मसौरा, रजवारा, मैलवारा, जाखलौन, गौना, नाराहट, डोंगराकला, बालाबेहट आदि बड़ी आबादी वाले गावों के लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में साफ- सफाई के साथ- साथ सैनिटाइजेशन कराएं, जिससे संक्रमण को रोका जा सके।