ललितपुर। कोरोना से बचाव को लेकर शासन गंभीर नजर आ रहा है, जिसको लेकर संक्रमण रोकने के लिए विभिन्न तरीके से जागरूक किया जा रहा है। लेकिन, बाजार में सेनेटाइजर की कमी के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। प्रतिदिन दुकानों से सैकड़ों ग्राहक वापस लौट रहे हैं।
देश में कोरोना वायरस भीषण समस्या बनी हुई है, इसे लेकर शासन गंभीर नजर आ रहा है। बचाव को लेकर विभिन्न गाइड लाइनों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। छींकने व खांसने के दौरान मुंह पर कपड़ा या रुमाल रखें। टिशू पेपर को उपयोग के बाद बंद डिब्बे में फेंक दें। फ्लू जैसे लक्षण होने पर मास्क लगाएं। हाथ गंदे होने पर साबुन से बीस सेकेंड से अधिक समय तक साफ करें। अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लें। हाथ स्पष्ट रुप गंदे न हों, तब भी हाथों को एल्कोहल आधारित हैंडवॉस या सेनेटाइजर का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, बाजार में एक माह से सेनेटाइजर उपलब्ध नहीं है। इससे लोग परेशान हैं और वह इसे महंगे दामों में खरीदने को भी तैयार हैं, लेकिन बाजार में उपलब्ध नहीं होने से लोगों को समझ में नहीं आ रहा है, कि क्या किया जाए।
लगभग एक माह पहले सेनेटाइजर की बुकिंग की थी, तब से अब तक नहीं मिल पाए हैं। थोक व्यापारी भी सेनेटाइजर उपलब्ध करने में असमर्थता जता रहे हैं।
- विनय सोनी, सोनी मेडिकल एंड सर्जिकल
--------
दुकान पर लगभग 20 दिन पहले से सेनेटाइजर उपलब्ध नहीं है। कोरोना वायरस के संक्रमण की जागरूकता के बाद से प्रतिदिन लगभग दो दर्जन ग्राहक सेनेटाइजर की मांग कर रहे हैं।
- मोहनलाल, पाठक मेडिकल एंड सर्जिकल
--------
जागरूकता के दौरान भले ही सेनेटाइजर से हाथ साफ करने के लिए कहा जा रहा हो, लेकिन बाजार में सेनेटाइजर ही उपलब्ध नहीं है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
- देवराज दुबे
--------
बचाव को लेकर तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बाजार में भी सेनेटाइजर को उपलब्ध कराया जाए। जिससे लोगों को सरलता से मिल सके, जिससे अपना बचाव कर सकें।
- मनोज तिवारी
--------
कोरोन वायरस को लेकर शासन गंभीर है, लेकिन बाजार में मास्क व सेनेटाइजर की उपलब्धता का विशेष ध्यान देना चाहिए। इससे लोगों को परेशानी न हो।
- शिशुपाल
--------
अधिकांश दुकानों पर सेनेटाइजर नहीं मिल पा रहा है। सेनेटाइजर से हाथ साफ करने के लिए जागरूक किया गया, लेकिन इसके उपलब्ध नहीं होने से लाभ नहीं मिल रहा है।
- जयहिंद यादव