बेंच की भी हो रही व्यवस्था, मरीजों व तीमारदारों को होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज की पैथोलाॅजी में लग रही भीड़ की समस्या से मरीजों को जल्द ही राहत मिलेगी। परिसर में बाहर टिनशेड लगाए जाने का कार्य शुरू हो गया है। साथ ही बेंच की व्यवस्था भी की जा रही है। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर मरीजों के पंजीयन व रिपोर्ट बाहर से ही दी जाएगी। इससे मरीजों को अब अंदर लंबी कतारों में नहीं लगना होगा।
मेडिकल कॉलेज में इंटीग्रेटिड पब्लिक हेल्थ लैब स्थापित होने से पुरुष व महिला अस्पताल की पैथोलॉजी को एक कर दिया गया है। इनके पंजीयन, सैंपल व रिपोर्ट अंदर से ही विभिन्न काउंटरों से मुहैया कराई जा रही है। इससे खासी भीड़ जुट रही है। हालत यह है कि महिला व पुरुषों को पंजीयन से लेकर सैंपल देने व रिपोर्ट लेने के लिए घंटों तक कतारों में लगना पड़ रहा है। ऐसे में कई बार मरीजाें की हालत खराब हो जाती है।
अब जल्द ही मरीजों को भीड़ व कतार में लगने से निजात मिल जाएगी। कॉलेज प्रशासन द्वारा मुख्य गेट के बाहर खाली पड़े मैदान में टिनशेड का निर्माण कराए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें अधिक लंबाई व चौड़ाई में टिनशेड लगाया जा रहा है। इसमें मरीजों व तीमारदारों को बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही बाहर ही काउंटर बनाए जा रहे हैं। इससे लोगों को सुविधा होगी।
वर्जन
पैथोलॉजी के बाहर परिसर में मरीजों व तीमारदारों को बैठने के लिए टिनशेड का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही मरीजों को सुविधा होगी।
- डाॅ. गजेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज