संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तालबेहट स्थित मिनी औद्योगिक आस्थान मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। यहां सड़क ही नहीं पानी व बिजली का भी संकट है। डीजल से इकाइयों का संचालन करने से लाभ सिमट रहा है।
वर्तमान में आस्थान में दो दर्जन औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, लेकिन यहां पांच मार्ग में एक पर भी सड़क नहीं डाली गई है। वाहन तो दूर लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। मार्ग पत्थर ही पत्थर नजर आते हैं। चार पहिया वाहन तो निकल जाते हैं, लेकिन दो पहिया वाहन की निकासी में दिक्कत होती है।
-
पानी की भी नहीं व्यवस्था
औद्योगिक आस्थान में दो दर्जन इकाइयों का संचालन हो रहा है। वर्तमान में एक हैंडपंप लगा हुआ है, जो खराब हो गया है। कार्यालय परिसर के अंदर लगा हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा है। ऐसे में उद्यमियों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। वे दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। कुछ तो टैंकर से पानी ला रहे हैं।
-
बिजली न होने से समस्या : मिनी औद्योगिक आस्थान में बिजली न होने से कई उद्यमी तो इकाई का संचालन तक नहीं कर पा रहे हैं। कारण, बिजली न होने से जनरेटर या डीजल इंजन से चलाना पड़ रहा है। अधिक खर्च होने से लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते उद्योग को बढ़ावा नहीं मिल पा रहा है।