ललितपुर। तालाब में डूबने से थाना गिरार के ग्राम भीकमपुर निवासी 9 वर्षीय कक्षा चार का छात्र अंश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने तालाब में गिरकर हादसे का शिकार होने का अनुमान लगाया है।
चचेरे चाचा हरकरन ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे अंश गांव में स्थित तालाब पर गया था। जब काफी देर तक वह लौटकर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। तालाब के पास उसकी चप्पल रखी मिली। परिजनों ने गांव के लोगाें के साथ मिलकर तालाब में कूदकर पानी के अंदर खोजबीन की और अंश का शव पानी के अंदर से बरामद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। सीओ मड़ावरा आलोक कुमार अग्रहरि ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।