वायरल वीडियो में हुआ खुलासा, लाइनमैन और विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र से पोषित धौरीसागर फीडर के नौ ट्रांसफार्मर और बिजली के तार को चोरी कर बेचने का मामला प्रकाश में आया है। इससे जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें फीडर से जुड़े संविदाकर्मी नीलेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि ग्राम गोराकला से ठनगना गांव तक लगभग छह किमी तक 11 हजार वोल्टेज विद्युत लाइन का तार चोरी कर बेच दिया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगभग नौ स्थानों पर रखे 10 केवीए क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर भी गायब कर दिए गए हैं।
वायरल वीडियो में इस अनियमितता के पीछे लाइनमैन एवं विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की बात कही जा रही है। वहीं, बताया गया है कि ग्राम ठनगना में धनप्रसाद यादव के मकान से सहरिया बस्ती तक बनाई गई 440 वोल्ट की पूरी विद्युत लाइन की केबल गायब कर दी गई। ट्रांसफार्मर और तार गायब होने से ग्रामीण सिंचाई समेत अन्य व्यावसायिक कनेक्शन नहीं ले पा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्ट संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। संविदाकर्मी का आरोप है कि क्षेत्र से उतारे गए 10 केवीए क्षमता के नौ ट्रांसफार्मरों को 40-40 हजार रुपये में बेचा गया है।
वर्जन
क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुचारू है। किसी उपभोक्ता को कोई शिकायत नहीं है। केबल गायब होने के मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अवर अभियंता को निर्देश दिया गया है। - विनोद कुमार राजपूत, उपखंड अधिकारी, मड़ावरा