सदर तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 10 मिमी बारिश हुई दर्ज, पहली सिंचाई से बचे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में दो दिनों से हो रही बारिश ने जहां लोगों को सर्दी का अहसास करा दिया, वहीं किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों को रबी की बोआई करने के बाद अब पहली सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश सदर तहसील में 10 मिमी और सबसे कम पाली में एक मिमी दर्ज की गई है। रविवार सुबह आठ से सोमवार सुबह आठ बजे तक जिले में 4.6 मिमी औसत बारिश हो गई है। हालांकि, सोमवार को पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही।
जनपद में दलहन की फसलों की बोआई लगभग 60 फीसदी तक हो चुकी है। रविवार की दोपहर बाद मौसम बदल गया और बारिश होने लगी। कुछ क्षेत्रों में तेज तो कहीं हल्की बारिश रविवार को रात भर रुक-रुक कर होती रही। सोमवार को सुबह से कई क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। जिन क्षेत्रों में किसानों को गेहूं की फसल की बोआई करनी है और उसके लिए खेतों में पलेवा करना है। उन किसानों को यह बारिश काफी फायदेमंद है।
ऐसे में किसानों को पलेवा के लिए नहरें खुलने का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। अब बारिश रुकने के बाद गेहूं की बोआई किसान आसानी से कर सकेंगे। हालांकि, बिरधा, नाराहट क्षेत्र में जहां नहरें नहीं हैं, वहां किसानों ने सिंचाई के विभिन्न साधनों का उपयोग करके पलेवा करने के बाद गेहूं की बोआई भी कर ली है। किसानों का कहना है कि जिन फसलों की बोआई को 10 से 12 दिन हो चुके हैं और वे अंकुरित होने लगी हैं, उनके लिए यह बारिश काफी लाभदायक है। वहीं, बहुत से किसानों ने हाल ही में यानी जिनकी बोआई दो से तीन दिन पहले हुई है, उन फसलों में पड्डा लगने का डर भी बना हुआ है।
24 घंटे में हुई बारिश पर एक नजर
तहसील बारिश (मिमी में)
ललितपुर-10
तालबेहट-7.0
महरौनी-3.0
मड़ावरा-2.0
पाली-1.0
रबी की फसल बोआई पर एक नजर
फसल लक्ष्य
गेहूं 1,70,117 हेक्टेयर
जौ 8,921 हेक्टेयर
चना 55,000 हेक्टेयर
मटर 12,000 हेक्टेयर
मसूर 27,789 हेक्टेयर
सरसों 48,603 हेक्टेयर
तोरिया 216 हेक्टेयर
रबी की बोआई का क्षेत्रफल 3.22 लाख हेक्टेयर