ललितपुर। देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग गेट पर ओवरब्रिज बनाए जाने के कारण रेलवे द्वारा अब मालगोदाम को दैलवारा रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट करने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। रेलवे के अधिकारियों ने बीते दिनों दैलवारा पहुंचकर निरीक्षण किया और प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों की स्वीकृति के लिए भेज दिया गया।
रेलवे द्वारा ललितपुर रेलवे स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है, जिसके साथ ही देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। आने वाले समय में रेलवे द्वारा ओवरब्रिज के पिलर का निर्माण शुुरू किया जाएगा, इसके बाद रेलवे गेट को बंद कर दिया जाएगा एवं शहर से आने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इससे क्रॉसिंग के पास बने रेलवे के मालगोदाम पर भारी वाहनों के आवाजाही में व्यवधान पैदा होगा। वहीं, ओवरब्रिज तैयार होने के बाद सड़क संकरी होने से यहां ट्रकों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी। इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे द्वारा माल गोदाम के लिए नई जगह की तलाश कर ली है। रेलवे द्वारा दैलवारा रेलवे स्टेशन के पास नया मालगोदाम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अमरपुर गल्ला मंडी एवं पीसीएफ गोदाम से दैलवारा रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। इसको देखते हुए अधिकारियों ने दैलवारा रेलवे स्टेशन के पास जमीन की तलाश कर मालगोदाम का प्रस्ताव तैयार करके रेलवे के उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। रेलवे के अधिकारियों ने बीते दिनों दैलवारा स्टेशन के पास प्रस्तावित मालगोदाम के लिए जमीन का निरीक्षण कर लिया है।
रेलवे ने दैलवारा में नए मालगोदाम बनने तक ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास देवगढ़ क्रॉसिंग स्थित मालगोदाम तक टिकट घर के रास्ते मार्ग को चौड़ा करने की योजना तैयार की है। सड़क के चौड़ीकरण में बेकार जगह को उपयोग में लाया जाएगा। शीघ्र ही रेलवे द्वारा यहां चौड़ीकरण कार्य आरंभ किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन मार्ग पर नहीं लगेगा जाम
तुवन चौराहा से रेलवे स्टेशन तक मार्ग पर मालगोदाम के ट्रकों के आने- जाने से जाम की स्थिति बनती है। लेकिन, मालगोदाम दैलवारा रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट हो जाने की वजह से जाम की स्थिति नहीं बनेगी और आसानी से इस मार्ग पर लोगों का आना- जाना सुगम हो जाएगा।