कार्य में रुचि न लेने पर बीएसए ने वालंटियरों को जारी किए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नव साक्षरता अभियान के तहत जनपद में 15 से अधिक आयुवर्ग के निरक्षरों को चिह्नित करने के लिए हर विद्यालय की भूमिका तय की गई है। इसमें प्रत्येक विद्यालय को 10-10 निरक्षरों को चिह्नित करने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं, असाक्षरों का सर्वे और चिह्नित करने की प्रक्रिया में रुचि न लेने वाले वालंटियरों को बीएसए ने निर्देश जारी किए हैं।
वर्ष 2027 तक सभी लोगों को साक्षर बनाने के लिए नव साक्षरता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए वालंटियर नामित किए गए हैं। हाल में शासन ने जनपद के लिए करीब आठ हजार निरक्षरों को चिह्नित करने का लक्ष्य दिया है। चिह्नित होने वाले असाक्षरों को एप के जरिये पढ़ाई करवाकर साक्षर बनाते हैं। इसके लिए वर्ष में दो बार परीक्षा होती है।
उल्लास एप के जरिये निरक्षरों का सर्वे किया जा रहा है लेकिन सर्वे में रुचि न लेने और लक्ष्य के सापेक्ष उल्लास एप पर सर्वे कम होने पर बीएसए ने सभी वालंटियरों को सर्वे में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। डीसी सामुदायिक सहभागिता समग्र शिक्षा प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि निरक्षरों को साक्षर बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।