संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। न्यू ललितपुर टाउन रेलवे स्टेशन के विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे की छह सदस्यीय संयुक्त टीम ने स्टेशन का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। प्रस्तावित योजना के तहत प्लेटफार्मों का विस्तार, फुटओवरब्रिज, लिफ्ट, एप्रोच रोड और यात्री सुविधाओं से जुड़े कुल 13 कार्य कराए जाएंगे।
करीब डेढ़ वर्ष पहले न्यू ललितपुर टाउन रेलवे स्टेशन का उद्घाटन हुआ था, लेकिन प्लेटफार्म और अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण यहां अब तक ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं हो सका है। इसी को देखते हुए रेलवे ने स्टेशन के विस्तारीकरण की योजना तैयार की है। मंडलीय अधिकारियों के निर्देश पर एक जुलाई को विभिन्न विभागों की छह सदस्यीय टीम ने संयुक्त सर्वेक्षण किया था। सर्वे रिपोर्ट रेलवे अधिकारियों को भेज दी गई है।
प्रस्ताव के अनुसार प्लेटफार्म संख्या एक, दो और तीन को 605 मीटर लंबा हाईलेवल प्लेटफार्म बनाया जाएगा। प्लेटफार्मों के बीच आवागमन के लिए 12 मीटर चौड़ा फुटओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा फुटओवरब्रिज पर दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर पांच-पांच नलों वाले वाटर बूथ बनाए जाएंगे। दोनों प्लेटफार्मों पर दिव्यांगजन वाटर बूथ, पुरुष एवं महिला शौचालय तथा दिव्यांगजन शौचालय का भी निर्माण प्रस्तावित है। स्टेशन भवन के सामने दोनों प्लेटफार्मों पर कवर्ड शेड बनाए जाएंगे।
इसके अलावा प्लेटफार्म संख्या एक के पीछे तारबाड़ की जाएगी। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को विकसित करने के साथ नई एप्रोच रोड का निर्माण भी कराया जाएगा। टीएमएस और सुपरवाइजर के लिए दो कक्ष तथा यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) भी बनाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विस्तारीकरण कार्य शुरू होगा। इससे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव शुरू होने का रास्ता साफ होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
न्यू ललितपुर टाउन स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए सर्वे कराया गया है। रेलवे से स्वीकृति मिलते ही प्रस्तावित कार्य शुरू कराए जाएंगे। इससे भविष्य में स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी रेल मंडल