डायट में एडी बेसिक झांसी से मुलाकात करते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारीगण
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने विकासखंड बिरधा में व्याप्त गड़बड़ियों को लेकर एडी बेसिक झांसी से डायट में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी की ब्लाक में रहते हुए निष्पक्ष जांच हो पाना संभव नहीं है।
जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया ने बताया कि विगत दिनों जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और अन्य उच्च अधिकारियों को विकासखंड बिरधा में व्याप्त गड़बड़ियों को अवगत करा चुके हैं। वार्ता के दौरान मंडलीय सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक ने अवगत कराया कि संगठन का शपथ पत्र प्राप्त हो गया है, जिसके क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी को बिरधा ब्लाक से हटाकर अन्यत्र अटैच करते हुए साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर शासन को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक के लिए दो आधार किट उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन एक किट जानबूझकर खराब कर दी गई। ब्लॉक के सबसे कोने में पड़ने वाला विद्यालय उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या पाली में आधार सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है, इससे कई लोगों को परेशानी हो रही है। ब्लॉक मुख्यालय पर सत्यापन का कार्य कराया जाना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने आश्वस्त किया कि विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर ब्लॉक- बिरधा मुख्यालय पर आधार किट संचालित कराई जाएगी। उन्होंने चहेते अध्यापक को नियम विरुद्ध स्काउट मास्टर पद पर चयनित कराने, किताबों के उठान की धनराशि का अध्यापकों को भुगतान नहीं कराने, नियम विरुद्ध अध्यापकों को अटैच करने, विद्यालय के चार्ज हस्तांतरण में शासन के निर्देशों का उल्लंघन करना, समस्त प्रकरण की जांच कराते हुए इन पर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया, कोषाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष संतोष रजक, संघर्ष समिति मंत्री हेमंत तिवारी, मनोज झा, अनूप सैनी, आलोक स्वामी उपस्थित रहे।