बुधवार को सरकारी कार्यालयों में कमजोर नेटवर्क ने विद्युत विभाग समेत कई सरकारी कार्यालयों में राजस्व वसूली की रफ्तार बिगाड़ दिया, जिससे विभागों में लेन देन दिन भर प्रभावित रहा।
जनपद में सरकारी कार्यालयों में खराब नेट कनेक्टिविटी के चलते राजस्व वसूली प्रभावित बनी रहती है। बुधवार को भी विद्युत विभाग समेत कई अन्य सरकारी विभागों में खराब नेटकनेक्टिविटी के चलते दिन भर राजस्व काउंटरों पर छुट्टी जैसा नजारा देखने को मिला। बिजली विभाग में तो जबकि निजी नेट कनेक्शन के लिए अलग से टावर लगाए गए हैं, जिसकी नेट कनेक्टिविटी लखनऊ स्थित कंपनी पर निर्भर करती है। इसके बाद भी यहां आए दिन नेटकनेक्टिविटी की समस्या बनी रहती है।
बुधवार को सुबह से ही नेट की समस्या बनी रही। जिसके चलते जिला परिषद और नझाई बाजार स्थित विद्युत कार्यालय में विद्युत राजस्व वसूली काउंटर दिन भर बंद रहे। विद्युत विभाग में हर रोज करीब तीन से चार लाख रुपए का राजस्व जमा किया जाता है। दोनों कार्यालयों में कुल चार काउंटरों के माध्यम से राजस्व जमा किया जाता है। इस प्रकार अकेले बिजली विभाग में ही एक दिन में करीब 10 से 12 लाख रुपए का विद्युत राजस्व प्रभावित हुआ है। इसके अलावा अन्य ऑन लाइन प्रक्रिया से होने वाले विद्युत कार्य भी प्रभावित रहे। जबकि जनपद में अन्य विभागों में राजस्व के अलावा अन्य ऑन लाइन सरकारी व प्राइवेट संस्थानों के कार्य भी प्रभावित होना बताए गए हैं।