संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा में भी शहर के बीच से निकली गोविंद सागर बांध की नहर की साफ-सफाई नहीं हो सकी है। इससे स्पष्ट है कि विभागीय अफसर इस कार्यक्रम को धरातल पर उतारने की जगह इसे पोस्टर, बैनर तक ही सीमित रखे हुए हैं।
इस मौसम में मच्छरजनित एवं संक्रामक रोग फैलते हैं। जिस कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर प्रदेश सरकार ने संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है। इस पखवाड़ा में मच्छरों व संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। इनमें दरवाजों, खिड़कियों पर जाली लगवाने, पूरी बांह वाली कमीज व पेंट पहनने, नियमित मच्छरदानी का प्रयोग करने, मच्छररोधी उपाय अपनाने, घर और कार्यस्थल के आसपास व अनुपयोगी वस्तुओं में पानी इकट्ठा जमा नहीं होने देने, कूलर, गमले आदि को साप्ताहिक खाली कर उन्हें सुखाने, पानी की टंकी पूरी से ढककर रखने, गड्ढों में भरे पानी में मिट्टी भरने, नालियों में जल भराव रोकने के लिए नियमित सफाई करने, खाने से पहले साबुन से हाथ धोने, जानवर बाड़े घर से दूर रखने, खुले में शौच नहीं करने व नियमित शौचालय का प्रयोग करने, जंगली झाड़ियों को नियमित साफ करने, चूहों, छछूंदरों से बचने, कुपोषित बच्चों का विशेष ध्यान रखने, पीने के लिए इंडिया मार्का दो के पानी का ही प्रयोग करने की सलाह शामिल है।
इसके बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ नहीं है। इसमें गोविंद सागर बांध की नहर में पसरी गंदगी सबसे बड़ा रोड़ा है। यह नहर पांच वार्डो से होकर निकली है। इसमें आजादपुरा व सिविल लाइन के दो-दो वार्ड व रामनगर वार्ड शामिल है। इसी तरह बड़ी नहर रावतयाना वार्ड से होकर गुजरी है। दोनों ही नहरों में जगह-जगह गंदगी देखी जा सकती है। नगर पालिका परिषद ने नहर की सफाई से पल्ला झाड़ दिया है। विभागीय अफसरों का कहना है कि सिंचाई विभाग इसकी सफाई कराए। वहीं, सिंचाई विभाग इस पखवाड़े को गंभीरता से नहीं ले रहा है। जिससे संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा बैनर, पोस्टर तक सिमटकर रह गया है।
इन विभागों को है सूचना
समाज कल्याण, कृषि, सिंचाई, चिकित्सा शिक्षा, नगर पालिका, ग्राम पंचायत राज, ग्राम विकास, पशुपालन, बाल विकास को संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा मनाए जाने की सूचना है।
सिंचाई अफसर भी हुए थे शामिल
संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम में सिंचाई अफसर भी शामिल हुए थे। जिलाधिकारी ने नहरों की सफाई के संबंध में निर्देश दिए हैं।
डा. राजेश भारती
जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी
कराएंगे सफाई
नहर की सफाई का टेंडर हो चुका है। इसकी शीघ्र ही सफाई कराई जाएगी। उन्होंने चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा पर अनभिज्ञता जाहिर की।
मनमोहन सिंह
अधिशासी अभियंता
राजघाट निर्माण खंड