भोपाल से खजुराहो के मध्य चलने वाली महामना एक्सप्रेस ट्रेन का टीकमगढ़ व छतरपुर रेलवे स्टेशन पर तीन मिनट से अधिक का ठहराव दिया गया है। अब यह ट्रेन दो इन स्टेशनों पर दो मिनट की जगह पांच मिनट रुकेगी। वहीं, ललितपुर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के समय में मामूली फेरबदल किया गया है।
रेलवे यात्रियों की मांग पर रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी संख्या 22163 भोपाल से खजुराहो चलने वाली महामना एक्सप्रेस ट्रेन के समय में मामूली परिवर्तन करते हुए टीकमगढ़ और छतरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव समय दो मिनट से बढ़ाकर पांच मिनट किया गया है। इसके तहत अब भोपाल से चलकर खजुराहो की ओर जाने वाली महामना एक्सप्रेस ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर अपने पूर्ववत समय सुबह 9.38 बजे आकर 9.40 बजे रवाना होगी। इसके बाद टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर 10.31 बजे पहुंचकर अब 10.33 बजे की जगह 10.36 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन छतरपुर रेलवे स्टेशन 11.51 बजे की जगह 11.54 बजे पहुंचेगी और यहां से 11.54 की जगह अब 11.59 बजे रवाना होकर 13.30 बजे खजुराहो पहुंचेगी।
इसी प्रकार खजुराहो से चलकर भोपाल की ओर जाने वाली 22164 महामना एक्सप्रेस ट्रेन खजुराहो रेलवे स्टेशन से भोपाल के लिए 16.15 बजे रवाना होगी और महाराजा छतरसाल रेलवे स्टेशन पर 16.48 बजे पहुंचेगी और यहां से पूर्व के समय 16.50 की जगह अब 16.53 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन शाम 18.10 बजे की जगह 18.13 बजे टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और यहां से अब यह ट्रेन 18.12 बजे की जगह अब 18.18 बजे ललितपुर की ओर रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पर शाम 19.20 की जगह 19.26 बजे आएगी और 19.22 बजे की जगह 19.28 बजे बीना-भोपाल के लिए रवाना होगी। वहीं बीना रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन 20.20 बजे की जगह अब 20.25 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट ठहराव के बाद आगे रवाना होगी।
महामना एक्सप्रेस ट्रेन का टीकमगढ़ व छतरपुर में ठहराव दो मिनट की जगह पांच मिनट कर दिया गया है, जो शुक्रवार से लागू हो गया है।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी