ललितपुर। ग्रामीण विकास मंत्रालय की नेशनल लेवल मॉनीटरिंग टीम ने मनरेगा के तहत बनी सीसी रोड की मरम्मत की आवश्यकता बताई। उन्होंने भारत सरकार द्वारा संचालित दस योजना पर कराए गए कार्यों व उनकी गुणवत्ता को देखा।
ग्रामीण विकास योजनाओं की नियमित मानीटरिंग के लिए नामित संस्था इंडियन इंस्टीट्यूट आफ रूरल मैनेजमेंट से टीम के दो सदस्य डॉ. केएन जोशी व डॉ अतर सिंह यहां विगत 15 अक्तूबर से डेरा डाले हैं। उन्होंने विकास खंड बार के ग्राम पारौन, जरावली, टीला, करमई, तालबेहट के गेवरा गुंदेरा, रजवान, बिरधा, महरौनी के धवारी, किसरदा, पठा विजयपुरा का निरीक्षण किया।
टीम ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, कृषि सिंचाई विभाग योजना, कौशल विकास योजना, स्वामित्व योजना घरौनी की कार्ययोजना आदि का स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम ने परियोजना निदेशक डीआरडीए दीपक यादव के साथ बैठक में निरीक्षण के दौरान जो कमियां मिली, उन्हें दूर करने का सुझाव दिया। यह टीम अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को सौंपेगी। संवाद