ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में अगले शैक्षिक सत्र 2021-22 में एनसीईआरटी (नेशनल काउंसिल ऑफ एजूकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग) का पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। इस संबंध में प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण चल रहा है। मास्टर ट्रेनर्स भी तैयार किए जा रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के कारण परिषदीय विद्यालयों में भौतिक रूप में कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, लेकिन इस दौरान बेसिक शिक्षा में तमाम बदलाव देखे गए। ऑफलाइन की जगह ऑनलाइन प्रशिक्षण कराए गए, कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित किया गया। अब अगले शैक्षिक सत्र से परिषदीय विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागूू करने की तैयारी है। इसे धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत मास्टर ट्रेनर्स का ऑनलाइन प्रशिक्षण आरंभ हो गया है, जो दस जनवरी तक चलेगा। प्रशिक्षण में प्रत्येक ब्लॉक से चार-चार शिक्षकों को शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण के संबंध में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के निदेशक डॉ. सर्वेंद्र बहादुर सिंह ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य को पत्र लिखा कि एनसीईआरटी की कक्षा एक की पाठ्य पुस्तकों के उपयोग के लिए प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों के उन्मुखीकरण हेतु ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाता का प्रशिक्षण प्रारंभ होगा।
------
ऑनलाइन प्रशिक्षण आरंभ हो गया है। प्रत्येक ब्लाक से चार-चार शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर की ट्रेनिंग प्रदान की जा रही है। इसके बाद मास्टर ट्रेनर ब्लॉक पर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
- जीएस राजपूत, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक झांसी/ प्राचार्य डायट