ललितपुर। जयपुर में हुई नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जनपद के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीते। उनकी इस कामयाबी पर एकेडमी संचालक व खिलाड़ियों के परिजनों ने खुशी जताई।
बैडमिंटन एकेडमी के संचालक जमील अहमद ने बताया कि जयपुर में विश्वविद्यालय परिसर, चित्रकूट स्टेडियम व प्रताप यादव स्टेडियम में चार सितंबर से शुरू हुई प्रतियोगिताओं में ललितपुर से चार बालिका व तीन बालकों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब व उप्र की टीमें शामिल हुईं थीं। क्वार्टर फाइनल में उप्र की टीम का पहला मैच पंजाब की टीम से हुआ, जिसमें ललितपुर के रोहित सोनी ने प्रमेंद्र को, सुरभि पटेल ने परमजीत कौर को, देवेंद्र व विराट समैया की जोड़ी ने प्रमेंद्र व अशोक सैनी की जोड़ी हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया।
उप्र टीम का दूसरा मुकाबला राजस्थान की टीम से हुआ, जिसमें हरदोई के रजत वाजपेई को सुनील सोनी ने हराया। ललितपुर की खिलाड़ी सुरभि पटेल ने राजस्थान की प्रियंका मीणा को हराकर कर उप्र को बढ़त दिलाई और ललितपुर के रोहित व देवेंद्र की जोड़ी ने युगल मुकाबले में राजस्थान के अजय कुमार व विमल यादव को हराकर जीत हासिल की।
बालिकाओं की युगल जोड़ी आलिया व अरशी ने राजस्थान की सुमन मीणा व प्रियंका की जोड़ी को हराकर उप्र की टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। फाइनल मुकाबला दिल्ली की टीम से हुआ। उप्र की टीम से ललितपुर के रोहित ने दिल्ली के विकास चौधरी को हराया और ललितपुर की सुरभि पटेल ने ज्योति सेनी को हराया। ललितपुर की युगल जोड़ी देवेंद्र व विराट ने विक्रमाजीत व पंकज यादव की जोड़ी को हराकर फाइनल में जीत हासिल कराई।
उन्होंने बताया कि उप्र सभी छह प्रांतों में प्रथम स्थान पर आया है। टीम को आठ गोल्ड मेडल हासिल हुए, जिनमें ललितपुर के सात खिलाड़ी बालक रोहित, विराट, देवेंद्र व बालिका सुरभि पटेल, स्तुति सक्सेना, आलिया खान और अरशी खान को गोल्ड मेडल हासिल हुए। टीम के लौटने पर विजेताओं के परिजनों ने खुशी जताई।