कुएं में गिरने से युवक की मौत के मामले में एसपी से शिकायत के बाद की कार्रवाई
पुलिस की मौजूदगी में हुआ युवक का अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कुएं में गिरने से युवक की मौत के मामले में परिजनों की शिकायत के बाद एसपी ने नाराहट की थाना प्रभारी पारुल चंदेल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंपी है। वहीं रविवार को चिकित्सकों के पैनल ने युवक के शव का पोस्टमार्टम किय। गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम सौंरई निवासी 19 वर्षीय शिवम पाल का शव शनिवार को कुएं में मिला था। मृतक के साथियों सचिन और राघवेंद्र ने आरोप लगाया था कि शुक्रवार की रात पुलिस ने उन्हें रोककर बाइक चोरी और शराब पीने का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए भागते समय शिवम अंधेरे में बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। रविवार को चिकित्सकीय पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत पानी में डूबने से होना बताया गया है।
-
अप्रैल में होनी थी शादी
परिजनों के अनुसार शिवम इंटरमीडिएट का छात्र था और उसकी 30 अप्रैल को शादी तय थी। परिवार में 22 अप्रैल को चचेरी बहन की भी शादी थी। इसी के लिए 20 मार्च को वह बाइक खरीदने गया था। वापस लौटते समय हादसा हो गया। शिवम दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता कैलाश दिल्ली में मजदूरी करते हैं और घटना की सूचना पर गांव पहुंचे।
-