जिले में एसआईआर अभियान की प्रगति जानने को रोल प्रेक्षक ने किया बूथों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के रोल प्रेक्षक एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव जेवीएन सुब्रमण्यम ने जिले के विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसआईआर अभियान की प्रगति का फीडबैक लिया।
रोल प्रेक्षक ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर पहुंचकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत) मतदाताओं की मैपिंग की प्रगति की समीक्षा की। जनपद में संचालित एसआईआर अभियान की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने जिलाधिकारी सहित पूरी प्रशासनिक टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और राजनीतिक दलों के समन्वय से किया गया कार्य धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। एएसडी श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा, जिससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। आयोग द्वारा निर्धारित 13 दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से सूचना उपलब्ध कराने पर मतदाता का नाम सूची में शामिल कर लिया जाएगा। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद भी यदि कोई मतदाता छूट जाता है तो फार्म-6 भरवाकर उसका नाम जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने रोल प्रेक्षक को अवगत कराया कि जनपद में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अब तक छह बैठकें की जा चुकी हैं तथा एएसडी मतदाताओं का डाटा पेनड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में पूर्व में 1063 पोलिंग बूथ थे, जिन्हें संभाजन प्रस्ताव के बाद निर्वाचन आयोग की स्वीकृति से बढ़ाकर 1156 कर दिया गया है, जबकि पोलिंग स्टेशनों की संख्या पूर्ववत है। इस अवसर पर सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, भाजपा जिला संयोजक (एसआईआर) हरिराम निरंजन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-
बूथ निरीक्षण के दौरान बीएलओ से की वार्ता
रोल प्रेक्षक ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान बूथों का निरीक्षण कर एएसडी मतदाताओं की मैपिंग कर रहे बीएलओ से संवाद किया। उन्होंने नगर के वर्णी कॉलेज एवं पीएन इंटर कॉलेज में बीएलओ और सुपरवाइजरों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अब तक की प्रगति की समीक्षा की।
रोल प्रेक्षक ने कहा कि ललितपुर में सभी कार्मिक टीम भावना के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसका प्रभाव धरातल पर भी दिखाई दे रहा है। 9.58 लाख से अधिक मतदाताओं के सापेक्ष मात्र 42 हजार अनमैप्ड मतदाताओं का होना कोई बड़ी बात नहीं है और शीघ्र ही इन्हें भी खोज लिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के पीएम श्री सिविलियन विद्यालय जीरोन एवं बुंदेलखंड इंटर कॉलेज जाखलौन पहुंचकर एएसडी मतदाताओं की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर बीएलओ एवं ग्रामीण उपस्थित मिले। ग्रामीणों ने बताया कि वे एसआईआर फार्म भर चुके हैं और बीएलओ व बीएलए को आवश्यक सहयोग भी प्रदान कर रहे हैं।