ललितपुर। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी ने मुख्य सफाई और खाद्य निरीक्षक के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्वास्थ्य नायक सहित सफाई कर्मियों की लापरवाही उजागर हो गई। जिस पर उन्होंने स्वास्थ्य नायकों को नोटिस जारी कर दिया है और दो सफाई कर्मियों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
दीपावली पर्व को ध्यान में रखकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केएन शर्मा ने मुख्य सफाई और खाद्य निरीक्षक आरके लवानिया और सफाई और खाद्य निरीक्षक दिनेश कुमार बिरौनिया के साथ अनेक मुहल्लों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मुहल्ला तालाबपुरा स्थित खैराजी के मकान के पीछे नालियां बजबजाती मिलीं। उन्होंने सबसे पहले तुवन चौराहा से लेकर कंपनी बाग तक नाली की सफाई का निरीक्षण किया। यहां पर दो आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्य करते मिले। लेकिन, स्वास्थ्य नायक मौके पर नहीं मिला। मोबाइल बंद होने पर उससे संपर्क नहीं हो सका, जिस पर उन्होंने वार्ड नंबर 19 के स्वास्थ्य नायक कुंजबिहारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
वार्ड नंबर 24 तालाबपुरा में चिल्ड्रेन पार्क का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। लेकिन, यहां के दोनों सफाई कर्मी समय से पहले चले गए। इस पर स्वास्थ्य नायक शनि को बुलाया गया। उन्होंने स्वास्थ्य नायक को दोनों अनुपस्थित कर्मियों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
वार्ड नंबर 22 सरायपुरा में सफाई कर्मी अनुपस्थित पाई गई। स्वास्थ्य नायक शनि मौके पर उपस्थिति पंजिका नहीं दिखा सका। वहीं, खैराजी के मकान के पीछे नालियां बजबजाती मिली। इस पर उन्होंने वार्ड नंबर 22 व 24 के स्वास्थ्य नायक शनि को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया, साथ ही हिदायत दी कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वार्ड नंबर तीन जिला कारागार कालोनी का निरीक्षण किया गया। यहां के स्वास्थ्य नायक अजय सफाई कार्य कराते पाए गए। उन्होंने स्वास्थ्य नायक को नालियों की सफाई के बाद चूना व ब्लीचिंग का छिड़काव करने के निर्देश दिए। यहां भी स्वास्थ्य नायक मौके पर उपस्थिति पंजिका नहीं दिखा सका।
इस पर उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका साथ रखने और पुलिस आवासीय भवनों के आसपास डस्टविन व कंटेनर रखने के निर्देश स्वास्थ्य स्टोर लिपिक अभिषेक चौबे को दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। किसी भी स्वास्थ्य नायक की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मलेरिया व डेंगू ने बढ़ाई चिंता
नगर क्षेत्र में मलेरिया व डेंगू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। यही नहीं, संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इससे नगर पालिका परिषद पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का दबाव बढ़ गया है। इससे नगर पालिका के अधिकारी हरकत में आ गए हैं।