संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन प्रदेश सरकार भले ही तमाम तैयारियां कर रही है, लेकिन परिवहन निगम शासन के आदेशों का भी पालन नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री ने बसों में म्यूजिक सिस्टम लगाकर रामधुन व भजन बजाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब 22 जनवरी में एक दिन शेष है और बसों में भजन व रामधुन तो दूर म्यूजिक सिस्टम तक नहीं लग पाया है।
रामलला के स्वागत में गांव से शहर तक धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। मंदिर समेत सार्वजनिक स्थानों व महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर सफाई कराकर सजावट कराई जा रही है। परिवहन निगम की बसों में भी भजन व रामधुन बजाने के शासन ने निर्देश दिए थे, लेकिन यहां तो म्यूजिक सिस्टम ही नहीं लग पाया है। हद तो यह है कि लगभग दो सप्ताह पूर्व बसों में म्यूजिक सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक यह पूरा नहीं हो सका।
-
इन बसों में नहीं लगे म्यूजिक सिस्टम
जिले में पांच रोडवेज बसों का संचालन होता है। लखनऊ-ललितपुर बस, झांसी-ललितपुर की दोनों नानस्टॉप, ललितपुर-कानपुर व ललितपुर-लखनऊ आदि बसें चल रही हैं। इसमें केवल एक बस में ही म्यूजिक सिस्टम लगा है, जो पुराना है। चार बसों में म्यूजिक सिस्टम तक नहीं है।
-
बसों में रामधुन व भजन बजाने के लिए म्यूजिक सिस्टम लगाए जा रहे हैं। अधिकांश बसों में लगाए जा चुके हैं। शेष में जल्द ही लगाए जाएंगे। -घनिष्ठानंद, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज डिपो, झांसी