कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में रेलवे कॉलोनी में युवक की हत्या का आरोपी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में बीते पांच दिन पहले घर से बाहर बुलाकर गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आपस में मित्र थे । दोनों में किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया था। आवेश में आकर हत्यारोपी में अपने ही साथी दिनेश को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
रेलवे कालोनी निवासी कृष्णा यादव उर्फ भूरे पुत्र सूरज यादव का किसी बात को लेकर अपने ही साथी रेलवे कालोनी निवासी दिनेश पुत्र शिवलाल खंगार से विवाद हो गया था और इसी रंजिश में भूरे यादव ने बीते 15 अगस्त की रात करीब नौ बजे दिनेश को घर से बुलाकर तमंचा से गोली मार दी थी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। हत्यारोपी गोली मारकर भागने का प्रयास करने लगा तो गोली की आवाज सुनकर घर से बाहर निकलीं परिवार की महिलाओं ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास भी किया था, लेकिन वह किसी प्रकार छूटकर भाग गया था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी भूरे यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। हत्यारोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने अपर पुलिस अधीक्षक डा.बृजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी केशवनाथ के नेतृत्व में एसओ्रजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमों द्वारा हत्यारोपी को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश भी दी, लेकिन वह चार दिन तक पुलिस से बचता रहा। आखिरकार बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से हत्यारोपी कृष्णा उर्फ भूरे यादव को झांसी हाइवे पर रेलवे पुल के नीचे खंडहर के पास से घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने बच्चा जेल के पास स्थित पीतांबरा ग्रेनाइट के पास झाड़ियों से हत्याकांड में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि हत्यारोपी को पकड़ने के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया थ।
रघुनंदन वैद्य का हत्यारा अब भी फरार
एसओजी टीम व कोतवाली पुलिस ने भले ही पांच दिन पहले रेलवे कालोनी में हुई हत्या के मामले में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन 34 दिन पूर्व 16 जुलाई को शहर के ही मोहल्ला चौकाबाग में बड़ी नहर के पास निवासी रघुनंदन वैद्य को उनके ही पड़ोसी पप्पू सेन ने घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी, लेकिन उक्त आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वहीं, इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक डा.बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रघुनंदन वैद्य के हत्यारे की तलाश में पुलिस की एक टीम उसकी ससुराल उड़ीसा में भेजी गई थी, लेकिन उक्त हत्यारोपी पप्पू सेन ने उड़ीसा में अपने ससुर, सास व साले की भी हत्या कर दी है। अब उक्त आरोपी को जनपद के साथ ही उड़ीसा की पुलिस भी तलाश कर रही है। शीघ्र ही आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई न्यायालय के माध्यम से कराई जाएगी और आरोपी को पकड़ने के लिए इनाम भी घोषित किया जाएगा।