हत्यारोपी भाभी प्रेमी के साथ गिरफ्तार
ललितपुर। तीन दिन पहले थाना मड़ावरा के अंतर्गत एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर देवर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता ने बताया कि युवक की हत्या मकान के विवाद में की गई थी।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता ने तीन दिन पहले हुई युवक की हत्या के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि थाना मड़ावरा अंतर्गत मुहल्ला टोरिया पावर हाउस के पास निवासी राजेश (28) पुत्र रामदयाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी बंटी ने मृतक की भाभी लक्ष्मी एवं वीर बहादुर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एममए बेग के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता, क्षेत्राधिकारी महरौनी श्याम नारायण ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी मड़ावरा एवं उनकी टीम को जिम्मेदारी सौंपी। रविवार को मड़ावरा पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों थाना गिरार के ग्राम धौरी सागर, हॉल निवासी ग्राम किशनपुरा वीर बहादुर सिंह एवं थाना मड़ावरा अंतर्गत कस्बा के मोहल्ला टोरिया पावर हाउस के पास निवासी लक्ष्मी को बम्हौरी तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कट्टा भी बरामद कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या का कारण मकान का विवाद बताया। एएसपी ने बताया कि हत्यारोपी पर पूर्व से एडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है और वह जेल भी जा चुका है। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक मड़ावरा देवेंद्र सिहं, नरेंद्र सिंह, राजकिशोर, अनुज कुमार व कुलदीप दिवाकर शामिल रहे।
------
मकान चाहिए, बाहर निकले तो फिर मारेंगे
पुलिस लाइन में हत्याकांड के खुलासा के दौरान देवर को मौत के घाट उतारने वाली भाभी व उसके प्रेमी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उसे मकान हर हालत में चाहिए, नहीं मिला तो बाहर निकलने पर फिर मारेंगे। उन्हें हर हालत में वह मकान चाहिए।