सेवनी मुहल्ला की गली में मचे कीचड़ से निकलती महिला
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। शहर के मोहल्ला जुगपुरा में कच्चे रास्ते बारिश से कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। मोहल्लावासी कीचड़ से निकलने को मजबूर हैं। लोग अपने घरों तक वाहनों को नहीं ले जा पा रहे हैं। जलभराव से कीचड़ के रास्ते में मच्छर पनप रहे हैं। इससे बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखा कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र में कई मोहल्लावासियों को कच्ची गलियों से निजात नहीं मिल पा रही है। गलियों में गर्मी व सर्दी के मौसम में नालियों का पानी रास्ते में जमा बना रहता है। गर्मी व सर्दी के मौसम में तो लोग अपनी सुविधा अनुसार निकल जाते हैं, पर बारिश के मौसम में जलभराव से कीचड़ की समस्या हो जाती है। इससे कई गलियों से वाहनों को निकलना तो दूर पैदल चलना तक दूभर हो जाता है। ऐसी ही स्थिति शहर के मोहल्ला जुगपुरा की बनी हुई है। यहां पर सेवनी मोहल्ला में रास्ते में सड़क व नाली का अभाव है। इससे यहां पर पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नालियों व बारिश का पानी रास्ते में ही जमा हो रहा है। भारी वाहन ट्रैक्टरों की निकासी से रास्ता दलदल में बदल गया है। अब यहां से निकलने में मोहल्लावासियों को परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि रास्ते से जूता पहनकर निकलने पर कीचड़ से गंदे हो रहे हैं। दलदल के कारण लोग अपने घरों तक बाइक नहीं ले जा पा रहे हैं। मुख्य मार्ग पर ही किसी अन्य लोगों के घरों पर रखना पड़ रही है। मोहल्लवासियों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक निराकरण नहीं हो सका है।
---
मोहल्ले में रास्ता पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो गया है। अब यहां से वाहन से दूर पैदल निकलना तक दूभर हो गया है। - आनंद
बारिश के मौसम में रास्ता में जलभराव व भारी वाहनों की निकासी से दलदल बन जाता है। ऐसे में आवाजाही में अधिक परेशानी होती है। - गब्बर
रास्ते में जलभराव व कीचड़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए मिट्टी डालकर सड़क का निर्माण कराया जाए। - जानू